मासिक करेंट अफेयर्स , अप्रैल 2017 , खेल जगत & विविध घटनाक्रम
फीफा विश्व कप-2018 का पहला प्रायोजक बना हिसेंसी
चीन इलेक्ट्रानिक कम्पनी हिसेंसी ने 2018 फीफा विश्व कप के पहले प्रायोजक के तौर पर करार किया है। यह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को प्रायोजित करने वाली पहली चीनी कम्पनी है। फीफा विश्व कप का आयोजन रूस में होना है।
विक्रम मल्होत्रा ने जीता स्कॉटलैंड ओपन स्क्वॉश खिताब
विक्रम मल्होत्रा ने एबरडीन में चल रही पीएसए विश्व टूर की स्पर्धा, नॉर्थ ऑफ स्कॉटलैंड ओपन स्क्वॉश टूर्नामेंट 2017 के फाइनल में महेश मनगांवकर को हराकर खिताब जीत लिया। विक्रम और महेश भारत से बाहर किसी पीएसए टूर की स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे।
फेडरर ने जीता मियामी ओपन टेनिस खिताब
स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर ने 2 अप्रैल को स्पेन के राफेल नडाल को पराजित कर मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। 18 ग्रैंड स्लेम खिताब जीत चुके फेडरर की यह 91वीं करियर खिताबी जीत है जबकि यहां उनका तीसरा खिताब है।
पेस ने जीता लियोन चैलेंजर का खिताब
लिएंडर पेस ने 1 अप्रैल को कनाडा के अपने जोड़ीदार आदिल शम्सदीन के साथ लियोन चैलेंजर पुरुष डबल का खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता के फाइनल में पेस-शम्सदीन की जोड़ी ने स्विट्जरलैंड के लुका मार्गारोली और ब्राजील के कारो जांपियेरी को पराजित किया।
सानिया-बारबोरा बनी मियामी ओपन टेनिस उप-विजेता
भारत की सानिया मिर्जा और उनकी चेक जोड़ीदार बारबोरा स्ट्राइकोवा मियामी ओपन टेनिस टूनार्मेंट के फाइनल में गेब्रिएला डाबरोवस्की और जू यिफान की जोड़ी से हार गयीं। इससे पहले सिडनी इंटरनेशनल में उपविजेता रहीं सानिया-बारबोरा के लिये यह इस सत्र का दूसरा फाइनल था जहां वे खिताब से चूक गयीं।
भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष का निधन
भारतीय बैडमिंटन संघ(बीएआई) के अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अखिलेश दास का 12 अप्रैल को निधन हो गया। वह बैडमिंटन एशिया परिसंघ के उपाध्यक्ष, विश्व बैडमिंटन महासंघ की कार्यकारी परिषद के सदस्य और भारतीय ओलंपिक संघ में उपाध्यक्ष भी थे।
महिला हॉकी विश्व लीग ख़िताब भारत ने जीता
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 10 अप्रैल को हॉकी विश्व लीग के दूसरे दौर का ख़िताब जीत लिया। कनाडा के वैंकूवर में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चिली को 3-1 से पराजित किया। भारत की सविता को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब दिया गया। इस विश्व लीग ख़िताब कि कप्तानी रानी रामपाल ने की थी।
यूनुस ख़ान का क्रिकेट से संन्यास का फ़ैसला
पाकिस्तान के क्रिकेटर यूनुस खान ने 9 अप्रैल को संन्यास लेने का फैसला किया। इससे दो दिन पहले ही पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह अल हक ने क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान किया था। यूनुस खान ने 115 टेस्ट में 9977 रन बनाए हैं। उनके नाम 34 शतक और 32 अर्धशतक हैं।
भारतीय बॉक्सिंग संघ को आईओए से मान्यता मिली
भारतीय ओलंपिक असोसिएशन ने 9 अप्रैल को भारतीय बॉक्सिंग संघ (बीएफआई) को मान्यता दे दी। पिछले साल साल सितंबर में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग संघ (AIBA) और खेल मंत्रायल अधिकारियों की निगरानी में बॉक्सिंग संघ के चुनाव हुए थे, जिसके बाद ही बीएफआई को खेल का जिम्म सौंपा गया।
रोहन बोपन्ना की जोड़ी को मोंटे कार्लो टेनिस टूर्नामेंट का खिताब
भारत के रोहन बोपन्ना और उरुग्वे के पाब्लो क्यूवास की जोड़ी ने 23 अप्रैल को मोंटे कार्लो मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट का युगल खिताब जीत लिया। बोपन्ना की जोड़ी ने फाइनल में स्पेन के फेलिसियानो लोपेज और मार्क लोपेज की जोड़ी को पराजित किया। इस वर्ष चेन्नई ओपन का खिताब जीतने वाले बोपन्ना का क्यूवास के साथ इस साल के शुरु में जोड़ी बनाने के बाद से यह पहला फाइनल था।
महिला क्रिकेट टीम कोच की जिम्मेदारी तुषार अरोथे को
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की मुख्य कोच पूर्णिमा राऊ को 21 अप्रैल को उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया। अब उनकी जगह तुषार अरोथे कोच की भूमिका संभालेंगे। अरोथे को इंग्लैंड एंड वेल्स में होने वाले महिला विश्व कप से ठीक पहले यह जिम्मेदारी दी गयी है। भारतीय महिला टीम का अगला बड़ा टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में चार टीमों के साथ सीरीज है जिसमें आयरलैंड और जिम्माब्वे भी शामिल हैं। इसके बाद टीम विश्वकप में हिस्सा लेगी जहां उसका पहला मुकाबला डर्बी में 24 जून को इंग्लैंड से होना है।
टी20 में क्रिस गेल के 10 हजार रन
वेस्ट इंडीज के बल्लेबाज क्रिस गेल ने 18 अप्रैल को क्रिकेट के टी-20 में 10,000 रन पूरे करने का रिकार्ड बनाया। वह इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से गुजरात लॉयन्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान अपना तीसरा रन पूरा करते ही यह उपलब्धि हासिल की। गेल के नाम पर क्रिकेट के इस छोटे प्रारूप में 18 शतक और 60 अर्धशतक दर्ज हैं।
सिंगापुर ओपन का ख़िताब साईं प्रणीथ को
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बी साई प्रणीथ ने 16 अप्रैल को सिंगापुर ओपन सुपर सिरीज़ का ख़िताब जीत लिया। साई प्रणीथ ने फ़ाइनल मुक़ाबले में हमवतन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को पराजित किया। सिंगापुर ओपन सुपर सिरीज़ के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब फ़ाइनल मुक़ाबले में बैडमिंटन कोर्ट के दोनों ओर भारतीय खिलाड़ी थे।
शिव कपूर ने जीता यींगडर हैरिटेज गोल्फ टूर्नामेंट
भारतीय गोल्फर शिव कपूर ने 29 मई को पहला यींगडर हैरिटेज गोल्फ टूर्नामेंट जीत लिया। कपूर ने 2005 में वॉल्वो मास्टर्स के रूप में अपना पहला एशियाई टूर खिताब जीता था। इसके बाद वह चार अवसरों पर दूसरे और तीन बार तीसरे स्थान पर रहे।
एशियन ग्रां प्री एथलेटिक्स में भारत को 7 पदक
भारतीय शॉटपुटर मनप्रीत कौर ने 24 अप्रैल को चीन में आयोजित एशियन ग्रां प्री एथलेटिक्स मीट के पहले चरण में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा भारतीय एथलीटों ने चार रजत और दो कांस्य पदक भी जीते। जिसके चलते देश के खाते में पहले दिन सात पदक आए। पंजाब की मनप्रीत ने 18.86 मीटर दूरी के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होने अगस्त में लंदन में होने वाले आईएएएफ विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
विविध घटनाक्रम
7 अप्रैल: विश्व स्वास्थ्य दिवस
प्रत्येक वर्ष 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस बार विश्व स्वास्थ्य दिवस का थीम है- अवसाद: आओ चर्चा करें (Depression: Let’s Talk) विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक दुनियाभर में 30 करोड़ से अधिक लोग ऐसे हैं जो अवसाद के शिकार हैं, जिसके कारण उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है और वे अक्षमता का शिकार हो रहे हैं।
राष्ट्रपति ने प्रदान किए वीरता पुरस्कार
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने 6 अप्रैल को अदम्य साहस के लिए 1 कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र, 15 परम विशिष्ट सेवा पदक और 2 उत्तम युद्ध सेवा पदक प्रदान किये। गोरखा रायफल के लांस हवलदार प्रेम बहादुर रेश्मी मगर को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। 13 शौर्य चक्रों में से चार मरणोपरांत दिये गये हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस के हैड कांस्टेबल संजवान सिंह, राष्ट्रीय रायफल के नायब सुबेदार के वी सुब्बा रेड्डी, एनएसजी के लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन ई के और राष्ट्रीय रायफल के नायक गावडे पांडुरंग महादेव को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर का निधन
जानी-मानी हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर का 3 अप्रैल को निधन हो गया। ख़्याल, ठुमरी और भजन गायिकी में दुनियाभर के संगीत रसिकों के दिलों में बसी किशोरी अमोनकर का वास्ता संगीत के जयपुर अतरौली घराने से रहा है। उनकी रुचि फिल्म संगीत में भी थी। साल 1964 में आई फ़िल्म गीत गाया पत्थरों ने का टाइटल सॉन्ग उन्होंने गाया था। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 1987 में पद्म भूषण और 2002 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। 2010 में वह संगीत नाटक अकादमी की फेलो बनीं।
गुड फ्राइडे: एक दृष्टि
गुड फ्राइडे ईसा मसीह के बलिदान दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस्टर वीक के आखिरी शुक्रवार को मनाए जाने वाले इस पर्व के दिन ईसाई धर्म के अनुयायी प्रभु यीशु को याद करते हैं। एक मसीहा ने धर्म के नाम पर आडंबर फैलाने वालों को मानव जाति का शत्रु बताया। धर्मपंडितों ने ईसा के दिए संदेश को धर्म की अवमानना कहा और ईशु को मृत्युदंड की कठोर सजा सुना दी। फांसी से पहले यीशु को कई तरह की यातनाएं दी गईं। मसलन, यीशु के सिर पर कांटों का ताज रखा गया। उन्हें कंधे पर उठाकर गोल गोथा नामक जगह ले गए। जहां उन्हें सलीब पर चढ़ा दिया गया। जिस दिन यीशु को सूली पर चढ़ाया गया, वह दिन शुक्रवार था। यीशु ने ऊंची आवाज में परमेश्वर को पुकारा- हे पिता मैं अपनी आत्मा को तेरे हाथों में सौंपता हूं। ऐसे शब्द कहने के बाद ही यीशू ने अपने प्राण त्याग दिए। ईसा मसीह ने विरोध और यातनाएं सहते हुए अपने प्राण त्यागे थे। उन्हीं की आराधना और वचनों के माध्यम से इंसानियत की राह पर चलने का ज्ञान देने वाला दिन गुड फ्राइडे कहलाता है।
14 अप्रैल: आंबेडकर जयंती
प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जाती है। इस दिन को ‘समानता दिवस’ और ‘ज्ञान दिवस’ के रूप में भी मनाया जाता है, क्योंकि जीवन भर समानता के लिए संघर्ष करने वाले प्रतिभाशाली डॉ॰ भीमराव आंबेडकर को समानता के प्रतीक और ज्ञान के प्रतीक भी कहां जाता है। भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में हुआ था। बाबा साहेब को आधुनिक भारत का निर्माता कहा जाता है।
‘बिजनेसवुमेन ऑफ द ईयर’ आशा खेमका
भारतीय मूल की शिक्षाविद् आशा खेमका को बर्मिंघम (ब्रिटेन) में ‘एशियन बिजनेसवुमेन ऑफ द ईयर’ चुना गया है। 65 वर्षीय खेमका वेस्ट नॉटिंघमशायर कॉलेज की प्रिंसिपल और सीईओ हैं। उनको शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया है। बिहार के सीतामढ़ी जिले में जन्मी खेमका 25 साल की उम्र में अपने पति और बच्चों के साथ ब्रिटेन आ गई। वर्ष 2013 में उनको ब्रिटेन के सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार डेम कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ दि ब्रिटिश एम्पायर से सम्मानित किया गया। वर्ष 1931 में धार राज्य की महारानी लक्ष्मीदेवी बाई साहिबा के बाद वह भारतीय मूल की पहली डेम है।
9 अप्रैल: महावीर जयंती
प्रत्येक वर्ष 9 अप्रैल को जैन धर्म के अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मनाई जाती है। जैन धर्म के चौबीस तीर्थंकरों में अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर ने अहिंसा और मानव प्रेम का संदेश दिया था। भगवान महावीर का जन्म बिहार में लिच्छिवी वंश में हुआ था।
पहली गैर-श्वेत जज बनी भारतीय मूल की महिला
भारतीय मूल की एक महिला लंदन की ओल्ड बैले अदालत की पहली गैर-श्वेत जज बन गई हैं। अनुजा रवींद्र धीर अदालत में सबसे कम उम्र की सर्किट जज भी हैं। धीर का जन्म स्कॉटलैंड के ड्यूनडी में हुआ था। वह भारतीय अप्रवासी दंपति की संतान हैं। उन्होंने 23 वर्ष तक वकालत की है।
दादा साहब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड की घोषणा
दादा साहब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड 2017 की घोषणा कर दी गयी है। इन पुरस्कारों में ऐश्वर्या राय बच्चन को उनकी फिल्म ‘सरबजीत’ के लिए दादा साहब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। ऐश्वर्या के अलावा, म्यूजिक कैटेगरी में जुबिन नौटियाल और पायल देव को ‘काबिल’ के टाइटल सॉन्ग के लिए बेस्ट सिंगर चुना गया। बेस्ट डांडिया क्वीन का अवॉर्ड फाल्गुनी पाठक को दया गया। फिल्म, क्लासिकल और डिवोशनल म्यूजिक में योगदान के लिए अनूप जलोटा को यह अवॉर्ड दिया गया। म्यूजिक इंडस्ट्री में लिरिक्स का योगदान देने के लिए जावेद अख्तर को दादा साहब फाल्के अवॉर्ड दिया गया। सैयामी खेर को फिल्म ‘मिर्ज्या’ के लिए बेस्ट डेब्यू का दादा साहब फाल्के अवॉर्ड दिया गया। जीनत अमान को सेरेमनी के दौरान लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इन सबके अलावा, राजू श्रीवास्तव, कीर्ति कुल्हरी, पियूष मिश्रा, हेमा मालिनी, राणा दग्गुबती और उर्वशी रौतेला को दादा साहब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
21 अप्रैल: 11वां सिविल सेवा दिवस
20-21 अप्रैल को दिल्ली के विज्ञान भवन में 11वां सिविल सेवा दिवस समारोह मनाया गया। सिविल सेवा दिवस पर दिए जाने वाले पुरस्कारों के लिए प्राथमिकता वाले पांच कार्यक्रमों को चिह्नित किया गया है जिनमें प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया और ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार शामिल हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के पांच प्रमुख कार्यक्रमों प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, ई-नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट और स्टैंडअप इंडिया, स्टार्टअप इंडिया के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किए।
18 अप्रैल: विश्व विरासत दिवस
प्रत्येक वर्ष 18 अप्रैल को विश्व विरासत दिवस मनाया जाता है। इस दिन दुनिया भर में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की धरोहरों को सही सलामत आने वाली पीढ़ियों को सौंपने और ये सिलसिला जारी रखने का संदेश दिया जाता है। विश्व विरासत दिवस की नींव पड़ी थी साल 1982 में जब फ़्रांस आधारित अंतर्राष्ट्रीय स्मारक और स्थल परिषद् ने इस दिन की घोषणा की। 1983 में यूनेस्को की आम सभा में भी 18 अप्रैल को विश्व विरासत दिवस मनाए जाने को मंज़ूरी दी गई। इस साल के विश्व विरासत दिवस का विषय है – “सांस्कृतिक विरासत और सतत पर्यटन“।
महालेखा नियंत्रक पद पर एन्थोनी लिएन्जुआला की नियुक्ति
केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल को एन्थोनी लिएन्जुआला को भारत का महालेखा नियंत्रक (सीजीए) नियुक्त किया है। वे भारतीय सिविल लेखा सेवा (आईसीएएस) के 1982 बैच के अधिकारी है। वह इस पद पर पहुंचने वाले पूर्वोत्तर क्षेत्र के पहले अधिकारी हैं।
फ़िल्म अभिनेता विनोद खन्ना का निधन
फ़िल्म अभिनेता विनोद खन्ना का 27 अप्रैल को निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। विनोद खन्ना का जन्म 1946 में पेशावर में हुआ था। वे पंजाब के गुरदासपुर से बीजेपी के सांसद भी थे। वे केंद्र सरकार में पर्यटन व विदेश राज्य मंत्री भी रहे। विनोद खन्ना ने 140 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया था। 1968 में मन का मीत फिल्म के साथ उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। साल 2015 में आई दिलवाले उनकी अंतिम अभिनीत फिल्म रही।
चर्चा में: इमान अहमद
मोटापे का इलाज करने भारत आई मिस्र की नागरिक इमान अहमद को अब मुंबई से अबू धाबी के एक अस्पताल भेजा जाएगा। इमान अहमद को यूएई के बुरजील अस्पताल भेजा जाएगा। इमान की बहन शाइमा सलीम ने आरोप लगाया था कि सैफी अस्पताल में उनका सही से इलाज नहीं हो रहा है। निजी स्वामित्व वाले अस्पताल ने दावा किया कि इमान का वजन घटकर 176 किलोग्राम हो गया है जो पिछले साल 500 किलोग्राम था।
भारत की सृष्टि कौर बनी मिस टीन यूनीवर्स
भारत की सृष्टि कौर ने 25 प्रतियोगियों को पराजित करते हुए मिस टीन यूनीवर्स-2017 का खिताब अपने नाम कर लिया। कनाडा की समांथा पीरे और मैक्सिको की ऐरी ट्रावा दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता का आयोजन 26 अप्रैल को निकारागुआ में रूबेन डैरियो नेशनल थियेटर में किया गया। कौर ने सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय परिधान का पुरस्कार भी अपने नाम किया।
सीआरपीएफ और आईटीबीपी के नये महानिदेशक
केंद्र सरकार ने 26 अप्रैल को राजीव राय भटनागर को सीआरपीएफ का नया महानिदेशक नियुक्त किया। पिछले दो महीने से यह पद खाली थी। सरकार ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक के पद के लिए 1983 बैच के अधिकारी आर के पचनंदा के नाम को भी मंजूरी दे दी।
सीबीआई के पूर्व प्रमुख रंजीत सिन्हा पर भ्रष्टाचार का केस
सीबीआई के पूर्व प्रमुख रंजीत सिन्हा पर कोयला घोटाले की जांच प्रभावित करने के मामले में सीबीआई ने 25 अप्रैल को भ्रष्टाचार का केस दायर किया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सिन्हा पर लगे इन आरोपों की जांच के लिए सीबीआई के पूर्व निदेशक एम एल शर्मा की समिति गठित की थी। इस समिति की रिपोर्ट देखने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि प्रथम दृष्टया यह लगता है कि सिन्हा ने अपने पद का दुरुपयोग किया है।
25 अप्रैल: विश्व मलेरिया दिवस
प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल मलेरिया दिवस की थीम है ‘End Malaria for Good’, यानि हमेशा के लिए मलेरिया का ख़ात्मा किया जाए। इस के तहत विश्व स्वास्थ्य संगठन मलेरिया से बचाव, इससे मुक़ाबले के लिए प्रभावी रणनीति और इससे होने वाली मौतों में कमी लाने के उपायों पर ज़ोर दे रहा है।
24 अप्रैल: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस
प्रत्येक वर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के रूप में मनाया जाता है।
No comments:
Post a Comment